मंत्री काश्यप को इंदौर की भी कमान…. इंदौर के प्रभारी मंत्री बदले, सीएम डॉ. मोहन यादव की जगह अब संभालेंगे प्रभार
न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर की प्रशासनिक निगरानी को और मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर जिले का प्रभार छोड़ दिया है और अब यह जिम्मेदारी सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) मंत्री चेतन्य काश्यप को सौंपी गई है। राज्य शासन द्वारा इस संबंध में आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। इसके साथ ही काश्यप के पास अब भोपाल और राजगढ़ के अलावा इंदौर जैसे प्रमुख जिले की कमान भी आ गई है।
व्यस्तता और स्थानीय मांगों के चलते लिया गया निर्णय
सरकार के गठन के बाद से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पास इंदौर जिले का प्रभार था। पूरे प्रदेश के प्रशासनिक दायित्वों और व्यस्तता के चलते वे इंदौर के कार्यों को पर्याप्त समय नहीं दे पा रहे थे। बीते कुछ समय से स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी पार्टी के विभिन्न मंचों पर यह मुद्दा उठाया था, वहीं विपक्ष भी कामकाज की निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर रहा था। ऐसे में इंदौर के पड़ोसी जिले रतलाम से आने वाले वरिष्ठ मंत्री और व्यवसायी चेतन्य काश्यप को यह दायित्व देना एक रणनीतिक कदम माना जा रहा है।
शहरी चुनौतियों और विकास कार्यों में तेजी लाने की कवायद
इंदौर जैसे तेजी से बढ़ते महानगर में ट्रैफिक जाम, पेयजल आपूर्ति और शहरी प्रबंधन से जुड़ी कई परियोजनाओं पर नियमित निगरानी और त्वरित निर्णयों की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। राजनीतिक गलियारों में इस बदलाव को इंदौर के रुके हुए विकास कार्यों को गति देने की पहल के रूप में देखा जा रहा है। साथ ही, हाल ही में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की केंद्रीय नेतृत्व से हुई मुलाकात के बाद हुए इस बदलाव से संकेत मिल रहे हैं कि आने वाले दिनों में प्रदेश के अन्य जिलों के प्रभारियों में भी फेरबदल देखने को मिल सकता है
